फगवाड़ा , फरवरी 23 -- रेल कोच फैक्ट्री (आरसीएफ), कपूरथला में आयोजित 83वीं अखिल भारतीय रेलवे पुरुष हॉकी चैंपियनशिप का लीग चरण सोमवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। छह दिनों के कड़े मुकाबलों के बाद आरसीएफ सहित चार टीमों ने नॉकआउट चरण के लिए क्वालीफाई किया है। कपूरथला चरण में रेलवे की नौ टीमों ने हिस्सा लिया और कुल 16 मैच खेले गये। ग्रुप 'बी' से उत्तर रेलवे (नयी दिल्ली) और मध्य रेलवे (मुंबई) ने अगले दौर में प्रवेश किया, जबकि ग्रुप 'डी' से मेजबान टीम आरसीएफ कपूरथला और पश्चिम रेलवे (मुंबई) ने नॉकआउट में अपनी जगह सुनिश्चित की। अपने अंतिम लीग मैच में आरसीएफ ने बनारस लोकोमोटिव वर्क्स को 7-0 से करारी शिकस्त दी।
लीग मैचों का दूसरा चरण रांची में आयोजित किया गया था, जहां से चार अन्य टीमों ने क्वालीफाई किया। अब आठ टीमों के बीच नॉकआउट राउंड 27 फरवरी से 2 मार्च 2026 तक मॉडर्न कोच फैक्ट्री, रायबरेली में खेला जाएगा।
आरसीएफ के महाप्रबंधक अजय नंदन और आरसीएफ स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष के.एस. असला ने टूर्नामेंट के सुचारु संचालन की सराहना की। आरसीएफ के आधुनिक एस्ट्रो-टर्फ स्टेडियम में खेली गयी इस चैंपियनशिप में उच्च स्तर की हॉकी देखने को मिली, जिसमें कई ओलंपियनों और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों ने अपना कौशल दिखाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित