भोपाल , मार्च 05 -- मध्यप्रदेश पुलिस के घुड़सवारी दल ने 44वीं अखिल भारतीय पुलिस घुड़सवारी प्रतियोगिता एवं माउंटेड पुलिस ड्यूटी मीट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण, दो रजत और दो कांस्य सहित कुल छह पदक अर्जित किए। प्रतियोगिता 15 से 27 फरवरी तक टेकनपुर स्थित सीमा सुरक्षा बल अकादमी में आयोजित हुई, जिसमें देशभर की पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों की 21 टीमों ने भाग लिया।
पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना ने पुलिस मुख्यालय भोपाल में विजेता खिलाड़ियों को पदक एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि यह सफलता टीम की कड़ी मेहनत, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रशिक्षण का परिणाम है। उन्होंने प्रतिभागियों को प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा भी की।
प्रतियोगिता में सईस टेस्ट स्पर्धा में घनश्याम प्रजापति ने स्वर्ण पदक प्राप्त किया। आरक्षक फराज खान ने क्रॉस कंट्री स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। इसके अतिरिक्त उन्होंने पुलिस हॉर्स टेस्ट एवं क्रॉस कंट्री में दो रजत तथा मेंटल हेजार्ड और शो जंपिंग ग्रेड-03 स्पर्धाओं में दो कांस्य पदक अर्जित किए।
सम्मान समारोह के दौरान माउंटेड पुलिस इकाई को और अधिक सुदृढ़ बनाने, आधुनिक प्रशिक्षण पद्धतियां अपनाने तथा उच्च नस्ल के खेल अश्वों की संख्या बढ़ाने पर भी चर्चा की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित