श्रीगंगानगर , दिसम्बर 29 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले में अखिल भारतीय किसान सभा की पदमपुर तहसील इकाई का सम्मेलन सोमवार को पदमपुर में बिश्नोई मंदिर धर्मशाला में सम्पन्न हुआ।
सम्मेलन में देशव्यापी कृषि संकट एवं गंगनहर में सिंचाई पानी की समस्या पर चर्चा की गयी। इस मौके पर महासचिव गुरचरण सिंह मोड़ ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार के नीतिगत फैसलों की वजह से किसान एवं खेती पर संकट गहरा गया है। उन्होंने कहा कि मुक्त व्यापार समझौता, बीज विधेयक एवं बिजली विधेयक को पारित करके किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। उन्होंने किसानों से संगठित होकर आंदोलन तेज़ करने का आह्वान किया।
जिलाध्यक्ष अमतेंद्र सिंह क्रांति ने गंगनहर में जनवरी में प्रस्तावित बंदी को किसान विरोधी नीति का हिस्सा बताते हुए कहा कि जनवरी में सिंचाई पानी की अत्यधिक जरूरत होने के बावजूद सरकार बंदी लेने की कोशिश में है, जबकि किसानों ने जिला प्रशासन के माध्यम से सरकार को बार बार बंदी नहीं लेने की मांग की है।
सम्मेलन में सर्वसम्मति से 11 सदस्यीय पदमपुर तहसील समिति का चुनाव किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित