ऋषिकेश , फ़रवरी 28 -- मरीजों की स्वास्थ्य सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान ऋषिकेश में शनिवार को 'कायाकल्प' के तहत एक्सटर्नल असेसमेंट किया गया। भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की टीम ने अस्पताल के विभिन्न विभागों का सघन निरीक्षण कर साफ-सफाई, हाइजीन और संक्रमण नियंत्रण व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान टीम ने अस्पताल की व्यवस्थाओं को बेहतर और सुव्यवस्थित बताया।
उल्लेखनीय है कि 'कायाकल्प' भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके तहत सार्वजनिक स्वास्थ्य संस्थानों का निर्धारित थीम आधारित मानकों पर मूल्यांकन किया जाता है। इस प्रक्रिया में अस्पताल की स्वच्छता व्यवस्था, संक्रमण नियंत्रण प्रोटोकॉल, सपोर्ट सर्विसेज, दस्तावेजीकरण प्रणाली और बायोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट जैसी व्यवस्थाओं का परीक्षण किया जाता है।
निरीक्षण टीम में नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ एंड फैमिली वेलफेयर द्वारा नामित इवैल्यूएटर्स मेडिकल ऑफिसर डॉ. अमित कुमार और सीनियर रिसर्च साइंटिस्ट (एपिडेमियोलॉजी) डॉ। दिनेश कुमार शामिल रहे। टीम ने इमरजेंसी, ट्रॉमा सेंटर, ऑपरेशन थिएटर, आईसीयू, इनपेशेंट और आउटपेशेंट विभाग, लैबोरेटरी, फार्मेसी, सीएसएसडी, डाइटरी सर्विस, लॉन्ड्री, हेली-सर्विस तथा बायोमेडिकल वेस्ट स्टोरेज एरिया का निरीक्षण किया। किचन सर्विस की समीक्षा करते हुए डाइटरी हाइजीन मानकों को और मजबूत बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
विजिट के दौरान पर्सनल प्रोटेक्टिव इक्विपमेंट (पीपीई) की उपलब्धता और उसके समुचित उपयोग, हैंड हाइजीन अनुपालन, सैनिटेशन स्टैंडर्ड, पेस्ट कंट्रोल उपायों तथा मरीज देखभाल क्षेत्रों के रखरखाव का भी सत्यापन किया गया। टीम ने अस्पताल में उपचाररत मरीजों से संवाद कर सेवाओं के संबंध में फीडबैक भी लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित