कौशांबी , फरवरी 20 -- समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव शुक्रवार दोपहर बाद मां शीतला देवी के दर्शन के लिए शक्तिपीठ कड़ा धाम पहुंचे। रास्ते में देवीगंज बाजार में मोबीन अहमद के नेतृत्व में सपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। उत्साहित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया और कहा कि वर्ष 2027 में विधानसभा चुनाव का किला फतह करना है। उनका संकेत आगामी विधानसभा चुनाव की ओर था। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अभी से बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाने में जुट जाएं।

देवीगंज में कुछ देर रुकने के बाद अखिलेश यादव कड़ा धाम पहुंचे, जहां उन्होंने मां शीतला देवी के चरणों में माथा टेककर पूजा-अर्चना की और प्रदेश की खुशहाली की कामना की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित