नूंह (हरियाणा) , अप्रैल 22 -- चंडीगढ़ के अक्षय शर्मा और गुरुग्राम के ध्रुव श्योरण ने हरियाणा के नूंह स्थित क्लासिक गोल्फ एंड कंट्री क्लब में खेली जा रही 1 करोड़ रुपये इनामी राशि वाले डीपी वर्ल्ड प्लेयर्स चैम्पियनशिप के दूसरे राउंड के बाद कुल नौ अंडर 135 के स्कोर के साथ संयुक्त बढ़त हासिल की।

35 वर्षीय अक्षय (70-65), जो डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई पर दो बार के विजेता हैं, ने दिन का सर्वश्रेष्ठ सातअंडर 65 का स्कोर बनाकर संयुक्त 14वें स्थान से छलांग लगाते हुए बढ़त साझा की। उनके राउंड में नौ बर्डी और दो बोगी शामिल रही, जबकि अंतिम होल पर बर्डी ने उन्हें शीर्ष पर पहुंचाया।

31 वर्षीय ध्रुव (69-66), जो 2024 में टूर विजेता रहे हैं, ने छह अंडर 66 का स्कोर बनाया, जिसमें पार-5के 14वें होल पर एक ईगल, छह बर्डी और दो बोगी शामिल रहे।

जापान के ताइगा तनाका (68-68), कोलकाता के सुनीत चौधरी (70-66) और नेपाल के सुक्र बहादुर राय (70-66) आठ अंडर 136 के स्कोर के साथ संयुक्त तीसरे स्थान पर हैं, जो लीड से एक शॉट पीछे हैं। चौधरी और राय ने 66 के स्कोर के साथ लीडरबोर्ड में तेज उछाल लिया, जबकि तनाका ने लगातार दूसरा 68 खेलकर स्थिर प्रदर्शन किया।

पहले दिन के संयुक्त लीडर हरमन सचदेवा (67-70) और जमाल हुसैन (67-70) सात अंडर 137 के स्कोर के साथ सात खिलाड़ियों के समूह में संयुक्त छठे स्थान पर खिसक गए। इस समूह में करनाल के मणि राम (69-68) और रोहित नरवाल (68-69), दिल्ली के पूर्व एशियन टूर विजेता हिम्मत सिंह राय (70-67) और कोलकाता के विराज मडप्पा (71-66), तथा बेंगलुरु के मनोज एस. (70-67) भी शामिल हैं, जो हाल ही में हीरो इंडियन ओपन में सर्वश्रेष्ठ भारतीय रहे थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित