कानपुर , फरवरी 06 -- अक्शू बाजवा (56 रन पर छह विकेट) और विजय कुमार (51 रन पर तीन विकेट) की कातिलाना गेंदबाजी की बदौलत उत्तर प्रदेश ने यहां चार दिवसीय सीके नायडू अंडर 23 ट्राफी के एक मुकाबले के पहले दिन शुक्रवार को चंडीगढ़ की पहली पारी को 170 रन पर समेट दिया।
जवाब में मेजबान टीम ने अपने तीन विकेट 46 रनो पर गंवा दिये थे। ग्रीनपार्क मैदान पर दिन का खेल खत्म हाेने के समय काव्य तेवतिया (9) और शुभम मिश्रा पांच रन बना कर क्रीज पर मौजूद थे। टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करने उतरी चंडीगढ़ ने सधी शुरुआत की। हालांकि विजय कुमार ने मेजबान टीम को पहली सफलता दुष्यंत (19) के विकेट के रुप में दिला दी थी जबकि दूसरे छोर पर अर्नव बंसल (40) ने आउट होने से पहले 40 रन ठोक दिये जो उनकी टीम की तरफ से अधिकतम व्यक्तिगत स्कोर भी रहा।
चंडीगढ़ के मध्यक्रम को तहस नहस करने में अक्शू की भूमिका अहम रही। उन्होने विजय कुमार के साथ मिल कर मेहमान टीम के छह बल्लेबाजों को 40 रनो पर समेट कर उसके बड़े स्कोर के सपने को चकनाचूर कर दिया। निखिल कुमार (25) और देवांग कौशिक (26) ही बायें हाथ के स्पिनर अक्शू के सामने कुछ समय तक टिकने का साहस दिखा सके।
मेहमान टीम के पहली पारी के स्कोर का पीछा करने उतरी यूपी की टीम को पहला झटका उसके कप्तान आदर्श सिंह (2) के रुप में जल्द ही लगा जबकि बाद में सिद्धार्थ चौधरी (21) और रितुराज शर्मा (9) के विकेट झटक कर चंडीगढ़ ने खेल में सफल वापसी की।
खेल शुरु होने के पहले दोनो टीमों ने दो मिनट का मौन रख कर ग्रीनपार्क के मुख्य क्यूरेटर शिवकुमार को भावभीनी श्रद्धाजंलि दी। कुमार का निधन दो दिन पहले पिच निर्माण के दौरान हृदयगति रुकने से हो गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित