फिरोजपुर , फरवरी 24 -- शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने मंगलवार को फिरोजपुर ग्रामीण में 'पंजाब बचाओ अभियान' के तहत आयोजित एक विशाल रैली को संबोधित करते हुए घोषणा की कि यदि राज्य में अकाली दल की सरकार बनती है, तो गैंगस्टरों और नशा तस्करों को 'आतंकवादी' घोषित किया जाएगा और उनके खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

श्री बादल ने राज्य की मौजूदा कानून-व्यवस्था पर चिंता जताते हुए कहा कि वर्तमान में पंजाब पर गैंगस्टरों और नशा तस्करों का कब्जा सा महसूस हो रहा है। उन्होंने कहा कि अकाली दल की सरकार बनते ही एक ऐसा सख्त कानून लाया जाएगा, जिसके तहत गैंगस्टरों और ड्रग तस्करों की जमानत मंजूर नहीं होगी। इन अपराधियों की संपत्तियों को जब्त करने का भी प्रावधान होगा। श्री बादल ने स्पष्ट शब्दों में कहा, " या तो ये लोग पंजाब छोड़ दें, वरना कानून के तहत उनके पूर्ण खात्मे के लिए तैयार रहें। "मुख्यमंत्री भगवंत मान की आलोचना करते हुए श्री बादल ने उन पर अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पुलिस अधिकारियों की हत्या के संवेदनशील मामले में अपना रुख बदलने का आरोप लगाया। उन्होंने 'पंजाब रसोई' योजना को चुनावी हथकंडा बताया और कहा कि सरकार ने चार साल तक कुछ नहीं किया और अब कार्यकाल के अंतिम वर्ष में सरकारी जमीनें बेचकर ऐसी योजनाएं ला रही है। श्री बादल ने समाज के हर वर्ग के लिए रियायतों और विकास का खाका पेश करते हुए कहा कि एक सप्ताह के भीतर लंबित टयूबवेल कनेक्शन दिए जाएंगे, नदियों पर पक्के बांध बनेंगे। आटा-दाल योजना पुनः शुरू की जाएगी, शगुन योजना एक लाख रूपये, बुढ़ापा पेंशन 3100 रूपये माह, उद्योगों में 75 प्रतिशत आरक्षण, सरकारी नौकरियों में केवल पंजाबियों को प्राथमिकता, 10 लाख रूपये का ब्याज मुक्त ऋण, इंजीनियरिंग और मेडिकल कॉलेजों में मेधावी छात्रों के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा।

श्री बादल ने यह भी घोषणा की कि विश्व कबड्डी कप को फिर से शुरू किया जाएगा और एक नया कुश्ती कप भी शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा,''पशु मेलों को प्रोत्साहित किया जाएगा और मारवाड़ी घोड़ों के लिए एक रेस कोर्स का निर्माण किया जाएगा और साथ ही कबूतरबाजी के खेलों को भी प्रोत्साहित किया जाएगा। ''उन्होंने बताया कि इंटर विलेज कार्ड गेम 'सीप' चैंपियनशिप भी शुरू की जाएगी, जिसमें जीतने वाली टीमों को गांवों के विकास के लिए पुरस्कार राशि भी दी जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित