चंडीगढ़ , मार्च 09 -- शिरोमणि अकाली दल (शिअद) ने सोमवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा महिलाओं के प्रति अभद्र भाषा का प्रयोगकरने की निंदा की और साथ ही पंजाब यूनिवर्सिटी में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की कड़े शब्दों में निंदा की।

यहां एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए अकाली दल के मुख्य प्रवक्ता एडवोकेट अर्शदीप सिंह क्लेर ने कहा कि यह अत्यंत निंदनीय है कि छात्र गुरुतेग बहादुर साहिब के शहीदी दिवस पर एक कार्यक्रम आयोजित करना चाहते थे, लेकिन यूनिवर्सिटी प्रशासन ने उस अवसर पर उन पर लाठीचार्ज करना चुना। उन्होंने कहा कि ऐसा व्यवहार पूरी तरह अस्वीकार्य है। उन्होंने जोर दिया कि अकाली दल हमेशा नागरिकों के लोकतांत्रिक अधिकारों का समर्थन करता है और छात्रों को अपना कार्यक्रम आयोजित करने का पूरा अधिकार है।

प्रवक्ता ने मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा अपनी पूर्व महिला सहयोगियों के प्रति इस्तेमाल की गयी भाषा पर शर्मिंदगी जतायी और कहा कि एक महिला सहकर्मी के खिलाफ इतनी घिनौनी भाषा का प्रयोग करना बेहद निंदनीय है। उन्होंने कहा कि सीएम द्वारा इस्तेमाल की गयी भाषा यह दर्शाती है कि उन्हें महिला सहयोगियों के सम्मान की कोई परवाह नहीं है। सिख गुरुओं ने हमेशा महिलाओं का सम्मान करना सिखाया है, लेकिन हमारे मुख्यमंत्री इस तथ्य को भूल गये हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं को प्रति माह 1,000 या 1,500 रुपये देने के लिए 'आप' सरकार की लगायी गयी शर्तें, सरकार द्वारा किए जा रहे भेदभावको उजागर करती हैं। उन्होंने कहा कि यह सरकार महिलाओं की मदद करने के प्रति कभी गंभीर नहीं रही और महिला दिवस पर की गई घोषणाओं ने इसे साबित कर दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित