मानसा , मार्च 05 -- शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने गुरुवार को घोषणा की कि उनकी पार्टी ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि 2027 में सरकार बनने पर पंजाब के सभी 13,000 गांवों में कंक्रीट की गलियां, सीवरेज सिस्टम, गांवों के तालाबों का सौंदर्यीकरण और बेघर ग्रामीणों के लिए 'पक्के' घर बनाये जाएंगे।

सरदूलगढ़ निर्वाचन क्षेत्र के झुनीर में एक विशाल रैली को संबोधित करते हुए श्री बादल ने कहा, " हमने गांवों के बुनियादी ढांचे को अपग्रेड करने के लिए एक चरणबद्ध योजना बनायी है, जिसके तहत हर साल 3,000 गांवों का विकास किया जाएगा। इसके बाद पंजाब के हर गांव में शहरों जैसी नागरिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।"श्री बादल ने वादा किया कि 2027 में अकाली दल की सरकार बनते ही महंगाई भत्ता का सारा बकाया जारी किया जाएगा। उन्होंने पुरानी पेंशन योजना को फिर से लागू करने, समय पर वेतन संशोधन और कर्मचारियों को उनके गृह नगर के पास पोस्टिंग देने का भी आश्वासन दिया। उन्होंने पंजाबियों से अपील की कि यदि वे विश्व स्तरीय सड़कें, आधुनिक स्कूल और अस्पताल चाहते हैं, तो अकाली दल को वोट दें। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान और चरणजीत चन्नी पर तंज कसते हुए कहा कि वे केवल नकारात्मक राजनीति और लतीफे ही दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि जिनके पास ट्यूबवेल कनेक्शन नहीं है, उन्हें कनेक्शन दिए जाएंगे। जमीन के संयुक्त मालिकाना हक का बंटवारा मुफ्त में किया जाएगा। घग्गर नदी का चैनलाइजेशन किया जाएगा।

श्री बादल ने कहा कि सरकारी नौकरियां केवल पंजाबियों के लिए आरक्षित होंगी और उद्योगों में 75 प्रतिशत नौकरियां स्थानीय युवाओं को दी जाएंगी। युवाओं के लिए 10 लाख रुपये का ब्याज मुक्त ऋण और मोटरसाइकिलों पर रोड टैक्स खत्म करने की घोषणा। कबड्डी विश्व कप को फिर से शुरू करने, पशु मेले आयोजित करने और मारवाड़ी घोड़ों के लिए रेस कोर्स स्थापित करने का वादा किया।

महिलाओं को तीन महीने के लिए 1000 रुपये देने की योजना पर श्री बादल ने जनता को आगाह किया। उन्होंने कहा, "यह महिलाओं को बहलाकर चुनाव जीतने और सरकारी जमीनों को अपने चहेतों को बेचने की साजिश है। हम पीएसपीसीएल और नगर निगमों की जमीनों को बेचने के किसी भी प्रयास का कड़ा विरोध करेंगे। "इस अवसर पर बठिंडा की सांसद हरसिमरत कौर बादल ने सरदूलगढ़ में पिछली अकाली सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों (जैसे 32 स्कूलों का अपग्रेडेशन और आरओ प्लांट) का विवरण साझा किया। रैली में वरिष्ठ नेता बलविंदर सिंह भूंदड़ और दिलराज सिंह भूंदड़ भी मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित