जांजगीर-चांपा, 08 फरवरी 2026 ( वार्ता ) छत्तीसगढ़ में जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा-बलौदा मुख्य मार्ग पर कोटगढ़ के समीप रविवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हो गई।

सुबह लगभग पांच बजे तीन भारी ट्रेलरों की आपस में टक्कर हो गई, जिसके बाद एक ट्रेलर में आग भड़क उठी। आग की चपेट में आने से एक चालक की मौके पर ही जलकर मौत हो गई।

हादसे में एक अन्य ट्रेलर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए काफी मशक्कत के बाद घायल चालक को वाहन से बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।

सूचना मिलते ही अकलतरा थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मृतक चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित