होशियारपुर , अप्रैल 18 -- पंजाब में होशियारपुर पुलिस ने बाबा साहेब डॉ. बी आर अंबेडकर की प्रतिमा के कथित अपमान के मामले में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है।
अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में इस घटना के तार प्रतिबंधित संगठन सिख फॉर जस्टिस (एसजेएफ) से जुड़े हो सकते हैं।
यह घटना 30 मार्च की दरमियानी रात को नूरपुर जट्टां गांव में हुई, जहां अज्ञात व्यक्तियों ने नहर के पास एक कमरे की छत पर स्थापित प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया था। इस संबंध में माहिलपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला (एफआईआर नंबर 66) दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संदीप कुमार मलिक ने बताया कि मामले की जांच के लिए एसपी (डिटेक्टिव) मनप्रीत शिम्मर के नेतृत्व में विशेष टीमें गठित की गयीं। तकनीकी और मानव खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिसने बरियां कलां गांव निवासी गुरकीरत सिंह (26) को मुख्य आरोपी के रूप में चिन्हित किया। पूछताछ के दौरान उसके दो अन्य साथियों-बाबनदीप सिंह (20) और साहिलप्रीत सिंह (22), निवासी एसएएस नगर (मोहाली)-की पहचान हुई, जिन्हें भी गिरफ्तार कर लिया गया है। एसएसपी ने बताया कि आरोपियों ने कथित तौर पर विदेशी तत्वों के इशारे पर यह कृत्य किया और इसके बदले पैसे का लालच दिया गया। जांच में यह भी सामने आया है कि साजिश के तार एसजेएफ और उसके प्रमुख गुरपतवंत सिंह पन्नू से जुड़े हो सकते हैं, हालांकि अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की पुष्टि के लिए आगे जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार, घटना में एक ऑल्टो के-10 कार का इस्तेमाल किया गया। आरोपियों के पास से एक लोहे की रॉड, वाहन और मोबाइल फोन बरामद किये गये हैं।
एसएसपी ने बताया कि गुरकीरत सिंह 2023 में अवैध रूप से अमेरिका गया था और 2025 में उसे वापसभेज दिया गया। विदेश में रहने के दौरान वह कथित रूप से एसजेएफ से जुड़े लोगों के संपर्क में आया और भारत लौटने के बाद भी उनसे संपर्क बनाए रखा।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों को इस वारदात के लिए करीब 50 हजार रुपये दिये गये थे। मामले में अन्य साजिशकर्ताओं, खासकर विदेश में बैठे लोगों की पहचान के प्रयास जारी हैं और संभावित प्रत्यर्पण कार्रवाईके लिए उच्च स्तर पर समन्वय किया जा रहा है।
पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि वे असामाजिक और भड़काऊ तत्वों से दूर रहें और रचनात्मकगतिविधियों में हिस्सा लें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित