मुंबई , मई 04 -- अडानी समूह की कंपनी अंबुजा सीमेंट को वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में समेकित आधार पर 569 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ है जो एक साल पहले की समान तिमाही की तुलना में 33.53 प्रतिशत कम है।

निदेशक मंडल की सोमवार को हुई बैठक के बाद वित्तीय परिणामों को मंजूरी प्रदान की गयी। इसमें बताया गया है कि तिमाही के दौरान कंपनी की बिक्री एक साल पहले के 182 लाख टन से बढ़कर 199 लाख टन पर पहुंच गयी।

कंपनी ने बताया कि राजस्व में 9.36 प्रतिशत का इजाफा हुआ है और यह 10,915 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। हालांकि कच्चे माल, परिवहन और दूसरे मदों में व्यय बढ़ने से कंपनी का परिचालन लाभ 1,464 करोड़ रुपये रह गया जो सालाना आधार पर 21.63 प्रतिशत कम है।

निदेशक मंडल ने प्रति इक्विटी शेयर दो रुपये के लाभांश की भी घोषणा की है।कंपनी ने मुनाफे में गिरावट के लिए पश्चिम एशिया संकट को जिम्मेदार ठहराया है। प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि पश्चिम एशिया संकट के कारण ईंधन, डीजल, पैकेजिंग के लिए बोरियों की आपूर्ति में कमी और रुपये में गिरावट से कंपनी पर लागत का दबाव बढ़ा है और चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में भी दबाव जारी रहने की संभावना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित