अंबिकापुर , अप्रैल 16 -- ) छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गुरुवार को नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर संभाग स्तरीय सम्मेलन का आयोजन किया।

यहां पीजी कॉलेज के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री राजेश अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर मंजूषा भगत ने की। इस अवसर पर सामरी विधायक उद्धेश्वरी पैकरा, जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, जिला पंचायत सदस्य दिव्या सिंह सिसोदिया, डॉ. शारदा भगत एवं कुसुम मिंज विशेष रूप से उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा पर माल्यार्पण तथा 'वंदे मातरम' एवं महतारी वंदन गीत के साथ की गई।

श्री अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के तहत महिलाओं को विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किया गया है, जो महिला सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।

महापौर मंजूषा भगत ने कहा कि यह अधिनियम महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी को मजबूत करेगा और छत्तीसगढ़ की महिलाओं के लिए गौरव का विषय है। कार्यक्रम संयोजक एवं महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री फूलेश्वरी पैकरा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि महिलाओं को यह अधिकार पहले ही मिल जाना चाहिए था, लेकिन इसे लंबे समय तक लंबित रखा गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित