मोहाली , जनवरी 25 -- पंजाब की स्टेट स्पेशल ऑपरेशंस सेल (एसएसओसी), एसएएस नगर ने पाकिस्तान समर्थित आतंकी नेटवर्क के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए जम्मू के रहने वाले रमन कुमार उर्फ गोलू को गिरफ्तार किया है।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने रविवार को बताया कि आरोपी रमन कुमार पाकिस्तान स्थित आतंकवादी शहजाद भाटी का एक प्रमुख सहयोगी है और उसके पास से एक पिस्तौल बरामद की है। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार आरोपी शहजाद भाटी के साथ इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप के ज़रिए सीधे संपर्क में था और अंबाला पुलिस स्टेशन ब्लास्ट केस में शामिल था। उसने अपराधियों को वित्तीय सहायता भी प्रदान की थी।
श्री यादव ने कहा कि पंजाब पुलिस पाकिस्तान की आईएसआई द्वारा प्रायोजित अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद और संगठित अपराध नेटवर्क को खत्म करने और पंजाब में शांति और सद्भाव बनाए रखने के अपने मिशन में दृढ़ है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित