रायसेन , दिसंबर 15 -- मध्यप्रदेश में रायसेन जिले की सतलापुर पुलिस ने अंधे हत्याकांड का खुलासा करते हुए प्रेम प्रसंग में हुई हत्या के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने शहर में उनका जुलूस निकाला और फिर न्यायालय में पेश किया।
सतलापुर पुलिस के अनुसार 35 वर्षीय संजय तोमर उर्फ टिल्लू की हत्या प्रेम प्रसंग के चलते धारदार हथियार से की गई थी। यह घटना 13 दिसंबर 2025 की है, जब शासकीय अस्पताल मंडीदीप से पुलिस को सूचना मिली कि संजय तोमर को परिजन मृत अवस्था में अस्पताल लेकर आए हैं। जांच में मृतक के शरीर पर चोट के स्पष्ट निशान पाए गए।
एसडीओपी ओबेदुल्लागंज शीला सुराणा ने बताया कि मुखबिरों की सूचना और घटनास्थल के आसपास लगे लगभग 200 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के बाद कुछ ही घंटों में चार आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि मृतक संजय उर्फ टिल्लू तोमर का मुख्य आरोपी रामेश्वर लोधी की बहन के साथ प्रेम प्रसंग था। इसी रंजिश के चलते रामेश्वर ने अपने साथियों के साथ मिलकर छुरी से संजय पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी भोपाल और सागर की ओर फरार हो गए थे।
गिरफ्तार आरोपियों में रामेश्वर लोधी पिता बलवंत लोधी, उम्र 28 वर्ष, निवासी सतलापुर, हाल जाटखेड़ी भोपाल, जय उर्फ मयूर श्रीवास्तव पिता गुड्डु श्रीवास्तव, उम्र 19 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 53 जाटखेड़ा, थाना मिसरोद, सुनील ठाकुर उर्फ कल्लू पिता भगवान सिंह ठाकुर, उम्र 22 वर्ष, निवासी दुर्गा मंदिर के पास सतलापुर तथा एक विधि विरुद्ध बालक निवासी वार्ड क्रमांक 53 जाटखेड़ा, थाना मिसरोद, जिला भोपाल शामिल है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित