जालंधर , मार्च 26 -- पंजाब में काउंटर इंटेलिजेंस (सी.आई.) जालंधर ने गुरुवार को उत्तर प्रदेश के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर अंतर-राज्यीय अवैध हथियार सप्लाई मॉड्यूल का पर्दाफाश किया।

उनके कब्जे से 7.65 एमएम की 10 देसी पिस्तौल और 20 मैगजीन बरामद की गयी हैं।

पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दलेश कुमार उर्फ सौरव कुमार उर्फ नन्नू निवासी पांदापुर, अलीगढ़ (उप्र) और अमित चाहर निवासी बसेरी चाहर, आगरा (यूपी) के रूप में हुई है। यह घटनाक्रम बीकेआई के दो कार्यकर्ताओं सुखविंदर उर्फ सन्नी और रावल को उनके विदेशी हैंडलर जस्सी कुलम के निर्देश पर बलाचौर के पास तीन ग्रेनेड और एक आईईडी खरीदने और रखने के आरोप में गिरफ्तार किए जाने के लगभग एक महीने बाद सामने आया। बाद में इसी आईईडी का इस्तेमाल हिमाचल प्रदेश के नालागढ़ पुलिस स्टेशन क्षेत्र में हुए विस्फोट में किया गया था।

श्री यादव ने बताया कि लगातार जांच के दौरान दोनों आरोपियों को मथुरा से गिरफ्तार किया गया। आरोपी दलेश कुमार उर्फ नन्नू की ग्रैंड विटारा कार से पांच पिस्तौल और 10 मैगजीन बरामद की गयीं। उसके खुलासेके आधार पर मथुरा-पलवल हाईवे से पांच और पिस्तौल तथा 10 मैगजीन बरामद की गयीं। इस तरह कुल 10 पिस्तौल और 20 मैगजीन बरामद हुईं।

पुलिस महानिदेशक ने बताया कि दोनों ये आरोपी जर्मनी और अमेरिका में सक्रिय विदेशी अपराधियों के इशारे पर काम कर रहे थे, जो पंजाब में आपराधिक गिरोहों को हथियार सप्लाई करते थे। उन्होंने बताया कि ये दोनों आरोपी हथियार खरीदने के साथ-साथ विदेशी हैंडलरों के निर्देश पर गढ़शंकर में एक ट्रैवल एजेंट के घर पर फिरौती के लिए फायरिंग की घटना में भी शामिल थे।इस संबंध में थाना एस.एस.ओ.सी. अमृतसर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित