मुंबई , फरवरी 14 -- 21 अंतर्राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित बहुप्रतीक्षित हिंदी फ़िल्म द रैबिट हाउस अब ओटीटी पर दुनिया भर के दर्शकों के लिए निःशुल्क उपलब्ध हो गई है।
यह फ़िल्म भारत सरकार के सार्वजनिक प्रसारक प्रसार भारती के ओटीटी प्लेटफॉर्म वेब्स ओटीटी पर प्रदर्शित की जा रही है, जहाँ इसे अब सभी दर्शक देख सकते हैं।
फ़िल्म की शूटिंग हिमाचल प्रदेश के कुछ अत्यंत अस्पर्शित और दुर्लभ लोकेशनों पर की गई है।
द रैबिट हाउस मानवीय संबंधों, मानसिक जटिलताओं और आंतरिक संघर्षों पर सूक्ष्म और प्रभावशाली टिप्पणी करने वाली फ़िल्म है।कहानी एक नवविवाहित दंपति के इर्द-गिर्द घूमती है, जो हनीमून के लिए हिमाचल प्रदेश जाता है। वहाँ वे "रैबिट हाउस" नामक एक पुराने और रहस्यमय घर में ठहरते हैं। इसी दौरान नववधू को धीरे-धीरे अपने पति के स्वभाव में कुछ असहज और विचलित करने वाला महसूस होने लगता है। उसके स्वप्निल और आशाभरे दिनों की कैसे बिखरती हुई दुनिया सामने आती है, और इस पूरी प्रक्रिया में वह निर्जीव घर किस तरह कहानी का एक महत्वपूर्ण पात्र बन जाता है।यह फ़िल्म में बेहद रोचक ढंग से सामने आता है।
फ़िल्म के लेखक और निर्देशक वैभव कुलकर्णी ने कहा, "इस फ़िल्म को देखने वाला हर व्यक्ति खुद को किसी न किसी किरदार में देखता है। यह फ़िल्म दर्शक को आत्ममंथन करने पर मजबूर करती है। मनोरंजन के साथ-साथ यह एक कलात्मक अनुभव भी देती है और भीतर झाँकने का अवसर प्रदान करती है।"फ़िल्म का संगीत निर्देशन पद्मनाभ गायकवाड ने किया है।फ़िल्म के गीतों को पापोन और आनंदी जोशी की आवाज़ मिली है।इस फ़िल्म का लेखन और निर्देशन वैभव कुलकर्णी ने किया है। निर्माता सुनीता पांढरे और कार्यकारी निर्माता कृष्णा पांढरे हैं। संगीत निर्देशन और मुख्य भूमिका पद्मनाभ गायकवाड ने निभाई है। छायांकन प्रतीक पाठक, मेकअप आर्ट और एक महत्वपूर्ण भूमिका सुरेश कुंभार, तथा वेशभूषा डिज़ाइन प्रणोती पाठक द्वारा की गई है।फ़िल्म की अन्य प्रमुख भूमिकाओं में करिश्मा, अमित रियान, गगन प्रदीप, प्रीति शर्मा, पूर्वा, सुजाता मोगल और योगेश कुलकर्णी शामिल हैं। फिल्म द रैबिट हाउस तीन जनवरी 2025 को पूरे भारत में सिनेमाघरों में रिलीज़ हुई थी। इसके बाद से ओटीटी दर्शक इसके डिजिटल रिलीज़ का बेसब्री से इंतज़ार कर रहे थे और सोशल मीडिया पर लगातार इसकी मांग की जा रही थी। लगभग एक वर्ष बाद, अब जब यह फ़िल्म दुनिया भर के दर्शकों के लिए निःशुल्क उपलब्ध हो गई है, तो दर्शकों और प्रशंसकों के बीच उत्साह और खुशी का माहौल है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित