रायपुर , मार्च 08 -- अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संचार विभाग द्वारा प्रदेश की प्रतिभाशाली महिला पत्रकारों को 'कलम वीरांगना सम्मान' से अलंकृत किया गया। आज यहां आयोजित इस विशेष सम्मान समारोह में मीडिया जगत की दर्जनों महिलाओं ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि मीडिया के क्षेत्र में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी सुखद है। उन्होंने कहा कि आजादी के आंदोलन से लेकर लोकतंत्र की रक्षा तक में पत्रकारिता की अहम भूमिका रही है। उन्होंने कहा, "एक समय था जब पूरे रायपुर में प्रिंट मीडिया में मुश्किल से तीन-चार महिला पत्रकार नजर आती थीं। आज रिपोर्टिंग और एंकरिंग दोनों क्षेत्रों में महिलाओं ने अपना वर्चस्व स्थापित किया है। यह नारी सशक्तिकरण का सबसे बड़ा उदाहरण है।" बघेल ने लगातार चार वर्षों से महिला पत्रकारों के सम्मान की इस परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए संचार विभाग की सराहना की।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि पत्रकारिता जैसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में महिलाओं का काम करना और घर-परिवार के साथ तालमेल बिठाकर समाज की सेवा करना वाकई सराहनीय है। उन्होंने कहा कि विपक्ष की भूमिका में रहते हुए मीडिया से हमेशा विशेष संरक्षण की अपेक्षा रहती है। महिला पत्रकार देश के लोकतंत्र को सुरक्षित रखने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।
राज्यसभा सदस्य फूलोदेवी नेताम ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में महिला पत्रकारों को एक मंच पर देखना गौरव का क्षण है। उन्होंने कहा कि महिला दिवस पर पत्रकारों के सम्मान की यह परंपरा शायद ही कहीं और देखने को मिलती है। खबरों की दुनिया में अपना मुकाम बनाना हर किसी के लिए आसान नहीं होता, लेकिन इन महिलाओं ने अपनी कर्मठता से यह साबित किया है।
प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि महिला पत्रकार समाज में नारी सशक्तिकरण की मिसाल हैं। उन्होंने सभी अतिथियों और पत्रकार बहनों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर ज्योति ठाकुर, सोनल भारद्वाज, शगुप्ता शिरीन, निधि प्रसाद, निशा द्विवेदी, रश्मि डोलिया, किरण नायक, जिज्ञासा चंद्रा, शबनम यजमानी, प्राची पांडेय, श्वेता शर्मा, दिव्या टंडन, रिचा सहाय, सिमरन मिश्रा, करूणा कुर्रे सहित प्रदेश भर से आईं महिला पत्रकारों को शाल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित