रायगढ़ , अप्रैल 04 -- छत्तीसगढ़ में रायगढ़ पुलिस ने अंतर्राज्यीय बाइक चोर गिरोह का आज पर्दाफाश करते हुए 21 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। इस कार्रवाई में मुख्य आरोपी सुखदेव चौहान को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसका साथी शिव नागवंशी फरार है। पुलिस ने चोरी की बाइक खरीदने वाले नौ आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। बरामद मोटरसाइकिलों की कुल कीमत लगभग 15 लाख रुपये आंकी गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी के मार्गदर्शन में साइबर थाना और पूंजीपथरा पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस को सूचना मिली थी कि लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम धौराडांड निवासी सुखदेव चौहान और किलकिला निवासी शिव नागवंशी संगठित रूप से बाइक चोरी कर उन्हें सस्ते दामों में बेच रहे हैं।

सूचना के आधार पर गठित टीम ने सुखदेव चौहान को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपने साथी के साथ मिलकर बाइक चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोपी ने जुलाई 2025 में सराईपाली बाजार, अगस्त 2025 में तुमीडीह बाजार तथा मार्च 2026 में धरमजयगढ़ क्षेत्र से मोटरसाइकिल चोरी करना कबूल किया।

पूछताछ के आधार पर पुलिस ने चोरी की बाइक खरीदने वाले कार्तिक राम डूंगडूंग, रामकुमार वैष्णव, केशव यादव, भोजराम पैंकरा, जगदीश पैंकरा, शिवचरण चौहान, सुखचरण चौहान, अमित कुमार नागवंशी और शिवप्रसाद विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 14 मोटरसाइकिल बरामद की। वहीं सुखदेव चौहान के बाड़ी से 7 अन्य मोटरसाइकिल भी जब्त की गईं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित