श्रीगंगानगर , जनवरी 22 -- राजस्थान में गुरु गोबिंद सिंह स्टडी सर्किल श्रीगंगानगर एवं अबोहर (पंजाब) की ओर से चक 10 जेड स्थित अकाल अकादमी में बुधवार को अंतर विद्यालय युवा महोत्सव का आयोजन किया गया।
आयोजकों ने गुरुवार को बताया कि यह कार्यक्रम युवाओं में सांस्कृतिक, शैक्षणिक और नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था, जिसमें विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम बुधवार की देर शाम तक चला, जिसमें प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने का अवसर प्रदान किया गया।
इस महोत्सव में श्रीगंगानगर क्षेत्र के प्रमुख विद्यालयों- श्रीगुरुनानक खालसा उच्च माध्यमिक विद्यालय, सेठ जीएल बिहाणी उच्च माध्यमिक विद्यालय, गुरु रामदास कान्वेंट स्कूल, ब्लूमिंग डेल्स इंटरनेशनल स्कूल, नोजगे पब्लिक स्कूल, बिहाणी चिल्ड्रन अकादमी और मेजबान अकाल अकादमी शामिल हुए। इसमें विद्यार्थियों ने क्विज प्रतियोगिता, सुंदर लेखन, पेंटिंग, कविता पाठ और दस्तारबंदी में उत्साहपूर्वक शिरकत की।
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिताओं के परिणामों में प्रत्येक श्रेणी में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को आकर्षक पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित