बुलढाणा (महाराष्ट्र) , अप्रैल 07 -- आयुष मंत्रालय ने मंगलवार को महाराष्ट्र के लोनार में योग महोत्सव-2026 का आयोजन कर 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के लिए 75 दिनों की उलटी गिनती की औपचारिक शुरुआत की। कार्यक्रम का आयोजन मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान द्वारा छत्रपति शिवाजी महाराज उद्यान में किया गया, जिसमें करीब 5,000 लोगों ने भाग लिया। इस दौरान सामूहिक त्रिकोणासन अभ्यास कर एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में नाम दर्ज कराया गया।
आयुष मंत्रालय द्वारा आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने कॉमन योग प्रोटोकॉल (सीवाईपी) का अभ्यास किया। सामूहिक त्रिकोणासन के इस प्रदर्शन ने एक नया कीर्तिमान स्थापित किया, जिसे एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज किया गया।
केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने कहा कि यह आयोजन अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के लिए एक मजबूत शुरुआत है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक ही नहीं, बल्कि मानसिक और भावनात्मक संतुलन भी प्रदान करता है।
उन्होंने कहा कि सामूहिक त्रिकोणासन योग की सामूहिक भागीदारी और साझा कल्याण की भावना को दर्शाता है। साथ ही उन्होंने आयुष आहार जैसे बाजरा, रागी, नारियल तेल और औषधीय मसालों के महत्व पर भी जोर दिया।
आयुष मंत्रालय की संयुक्त सचिव मोनालिसा दास ने कहा कि योग भारत का दुनिया को दिया गया एक महत्वपूर्ण उपहार है, जो मन, शरीर और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करता है।
इसके अलावा कार्यक्रम में "हवाई यात्रा के लिए योग", "गैर-संचारी रोगों के लिए 10 योग प्रोटोकॉल" और "योग 365" जैसे अभियानों को भी प्रदर्शित किया गया। इसके साथ ही 14 दिन के निःशुल्क योग अभ्यास के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन भी प्रस्तुत की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित