पटना , मार्च 07 -- अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस (08 मार्च) की पूर्व संध्या पर शनिवार को बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम लिमिटेड, बिहार कला एवं संस्कृति विभाग ने रीजेंट सिनेमा मे फिल्म "हक़" का विशेष प्रदर्शन आयोजित किया।

इस अवसर पर बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम लिमिटेड की प्रबंधक श्रीमती रूबी ने कहा कि महिलाओं को अपने सम्मान और अधिकारों के लिए केवल पुरुषों पर निर्भर रहने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को स्वयं भी एक-दूसरे को सम्मान देना चाहिए तथा एक-दूसरे को आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करने चाहिए। उन्होंने कहा कि जब महिलाएँ परस्पर सहयोग और सम्मान की भावना के साथ आगे बढ़ेंगी, तभी वास्तविक रूप से महिला सशक्तिकरण संभव हो सकेगा। उन्होंने सभी को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएँ दीं।

कला, संस्कृति एवं युवा विभाग में संग्रहालय निदेशालय के निदेशक कृष्ण कुमार ने सभी को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि समाज में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी पुरुषों पर भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल महिलाओं का विषय नहीं है, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। अपने व्यक्तिगत अनुभव साझा करते हुए उन्होंने कहा कि यह दिन उनके लिए विशेष महत्व रखता है क्योंकि उनकी दो बेटियाँ हैं और हमें ऐसा वातावरण बनाना चाहिए जहाँ बेटियाँ सुरक्षित और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकें।

फिल्म "हक़" निर्देशन सुपर्ण वर्मा ने किया है, जबकि इसके निर्माता विनीत जैन, विशाल गुरनानी, जूही पारेख मेहता, हरमन बावेजा एवं विक्की जैन हैं। इस फिल्म में यामी गौतम और इमरान हाशमी मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म महिलाओं के अधिकार, संघर्ष और सामाजिक परिस्थितियों के बीच उनके आत्मसम्मान और न्याय की लड़ाई को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित