नई दिल्ली , अप्रैल 26 -- कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के अंडमान और निकोबार द्वीप समूह दौरे को कांग्रेस ने बड़ी सफलता करार दिया है।
कांग्रेस के अंडमान-निकोबार प्रभारी मणिकम टैगोर ने कहा कि पोर्ट ब्लेयर में आयोजित कांग्रेस सम्मेलन में श्री गांधी की मौजूदगी ने पार्टी कार्यकर्ताओं और आम जनता में नया उत्साह भर दिया।
श्री टैगोर ने कहा कि इस दौरे को लेकर पार्टी प्रतिनिधियों और जनता की जबरदस्त प्रतिक्रिया देखने को मिली, जो द्वीपों में कांग्रेस संगठन की बढ़ती ताकत को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिस ऊर्जा, एकता और प्रतिबद्धता का प्रदर्शन किया, वह पार्टी के भविष्य के लिए बेहद सकारात्मक संकेत है।
सम्मेलन में श्री गांधी ने अंडमान-निकोबार के लोगों को आश्वासन दिया कि वे दिल्ली में उनके अधिकारों, न्याय और विकास के लिए लगातार आवाज उठाते रहेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि 'भारत जोड़ो यात्रा' की शुरुआत आदर्श रूप से इंदिरा प्वाइंट से होकर कन्याकुमारी तक होनी चाहिए थी। उनके इस बयान को सम्मेलन में मौजूद लोगों ने जोरदार समर्थन दिया, जो एकता के विचार से लोगों के गहरे जुड़ाव को दर्शाता है।
श्री टैगोर ने द्वीपों के सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं, नेताओं और स्वयंसेवकों का आभार जताते हुए कहा कि उनकी मेहनत और समर्पण ने इस दौरे को यादगार बनाया।
हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि 28 तारीख को श्री गांधी के प्रस्तावित निकोबार दौरे के लिए अब तक प्रशासन से अनुमति नहीं मिल पाई है, जो चिंता का विषय है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब देश के चुने हुए विपक्ष के नेता को ही अपने देश के एक हिस्से में जाने से रोका जा रहा है, तो यह लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित