मुंबई , जनवरी 27 -- महाराष्ट्र में गायिका अंजलि भारती ने राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस पर अपमानजनक टिप्पणियों से विवाद खड़ा कर दिया है।
सुश्री भारती ने हाल ही में एक कार्यक्रम में बोलते हुए श्रीमती फडणवीस के बारे में अपमानजनक टिप्पणियां कीं, जिसके बाद शिवसेना (यूबीटी), शिवसेना (शिंदे गुट) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं सहित सभी पार्टियों के नेताओं ने इसकी कड़ी निंदा की।कुछ नेताओं ने उनकी टिप्पणियों को 'अश्लील' और 'खतरनाक' बताया तथा अंजलि के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इस विवाद ने सोशल मीडिया पर भी गरमागरम बहस छेड़ दी है, जिसमें कई लोग गुस्सा जाहिर कर रहे हैं और जवाबदेही की मांग कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि सुश्री भारती अपने विद्रोही अंदाज और बौद्ध धर्म से जुड़ाव के लिए जानी जाती हैं। उनका एक यूट्यूब चैनल है जिसके 5.75 लाख से अधिक सब्सक्राइबर हैं। उन्होंने ये टिप्पणियां महिलाओं के खिलाफ दुष्कर्म और हिंसा से जुड़े मुद्दों पर बात करते हुए की थीं। उनकी टिप्पणियों की चारों ओर कड़ी निंदा की गई। मुंबई की पूर्व मेयर और शिवसेना (यूबीटी) महिला विंग की नेता किशोरी पेडनेकर ने सोशल मीडिया पर कहा, "हम माननीय मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस के खिलाफ गायिका अंजलि भारती द्वारा इस्तेमाल की गई गंदी और बेहद आपत्तिजनक भाषा की कड़ी निंदा करते हैं।"भाजपा की महाराष्ट्र महिला विंग की अध्यक्ष चित्रा वाघ ने भी सुश्री भारती की आलोचना की और कड़ी कार्रवाई की मांग की। सुश्री वाघ ने कहा कि ऐसे बयान महिलाओं के खिलाफ हिंसा को बढ़ावा देते हैं और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर इन्हें सही नहीं ठहराया जा सकता। उन्होंने इन टिप्पणियों को 'घिनौना और खतरनाक' बताया और समाज में एक संदेश देने के लिए कानूनी कार्रवाई को जरूरी बताया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित