मुंबई , दिसंबर 16 -- भोजपुरी सिनेमा की सुपरस्टार अभिनेत्री अंजना सिंह की फिल्म "कुश्ती" का ट्रेलर रिलीज हो गया है।

प्रदीप सिंह और प्रतीक सिंह ने फिल्म "कुश्ती" का निर्माण किया है, जिसका ट्रेलर अब रिलीज हो चुका है। वर्ल्ड वाइड फिल्म प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी इस फिल्म में अंजना सिंह मुख्य भूमिका में नजर आ रही हैं।

फिल्म में अंजना सिंह का किरदार केंद्रीय धुरी की तरह है और ट्रेलर में उनकी दमदार अदाकारी साफ झलकती है। भावनात्मक दृश्यों से लेकर संघर्ष और आत्मविश्वास से भरे सीन तक, अंजना सिंह हर फ्रेम में प्रभाव छोड़ती नजर आती हैं। फिल्म में जय यादव, देव सिंह, सुशील सिंह, मनोज टाइगर, प्रकाश जैस जैसे अनुभवी कलाकारों ने भी अपनी-अपनी भूमिकाओं को मजबूती से निभाया है, जिससे कहानी और अधिक प्रभावशाली बन पड़ी है।

अंजना सिंह ने कहा कि "कुश्ती" सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि हर उस लड़की की कहानी है जो समाज की सीमाओं को तोड़कर अपने सपनों के लिए लड़ना चाहती है। कुल मिलाकर, "कुश्ती" का ट्रेलर यह साफ संकेत देता है कि यह फिल्म न सिर्फ मनोरंजन करेगी, बल्कि नारी सशक्तिकरण का मजबूत संदेश भी देगी। भोजपुरी सिनेमा के दर्शकों के लिए यह एक अलग और प्रेरणादायक अनुभव साबित हो सकती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित