ऋषिकेश , जनवरी 25 -- अंकिता भंडारी हत्याकांड में सबूत नष्ट किए जाने के आरोपों को लेकर रविवार को विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े लोगों ने लक्ष्मणझूला थाने पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने यमकेश्वर से भाजपा विधायक रेणु बिष्ट की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए जांच एजेंसियों की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े किए।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि मामले की जांच कर रही एसआईटी ने कई अहम तथ्यों की अनदेखी की है। विशेष रूप से अंकिता भंडारी के कमरे को जेसीबी से तोड़े जाने का मामला आज भी अनसुलझा है, जिसे सबूत नष्ट करने की गंभीर साजिश बताया गया। आरोप लगाया गया कि इस पूरे प्रकरण में क्षेत्रीय विधायक का नाम सामने आने के बावजूद एसआईटी ने इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि पुलिस आम लोगों को मामूली आरोपों में भी जेल भेजने से नहीं हिचकती, लेकिन सत्ताधारी पार्टी के विधायक से पूछताछ तक नहीं की जाती। यह कानून के दोहरे मापदंडों को दर्शाता है और जनता का न्याय व्यवस्था से भरोसा तोड़ता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित