नयी दिल्ली , दिसंबर 23 -- कांग्रेस ने उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड मामले की व्यापक पड़ताल आवश्यक बताते हुए इस घटना की उच्च न्यायालय के न्यायाधीश की निगरानी में केंद्रीय जांच ब्यूरो-सीबीआई से जांच कराने की मांग की है।

उत्तराखंड कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने मंगलवार को यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि तीन साल पुराने इस मामले में हाल में एक वीडियाे वायरल हुआ है जिसमें खुलासा हुआ है कि इस हत्याकांड में भाजपा का एक बड़ा नेता शामिल रहा है। यह खुलासा खुद को भाजपा कार्यकर्ता होने का दावा करने वाली एक महिला ने किया है। इस वीडिया से साफ है कि अपराधी सत्ताधारी दल का नेता है और यदि सीबीआई मामले की जांच करती है तो वह निष्पक्ष नहीं होगी इसलिए इस पूरे प्रकरण की उच्च न्यायालय के न्यायाधीश की निगरानी में जांच करायी जानी चाहिए।

श्री गोदियाल ने कहा कि भाजपा के एक पूर्व विधायक की वार्ता का भी एक ऑडियो वायरल हो रहा है, जिसमें अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़ा खुलासा हुआ है। यह आडियो उन्होंने प्रेस कांफ्रेंस में भी संवाददाताओं को सुनाया। उन्होंने कहा कि भाजपा के जिस नेता पर आरोप लगाया जा रहा है उसका दबदबा कितना है इसका अनुमान इसी से लगाया जा सकता है कि जब अंकिता भंडारी यौन शोषण और हत्या की घटना हुई थी तो तभी बिना देर किए अंकिता के कमरे को बुल्डोजर से तोड़ा गया था, बिस्तर को जलाने की कोशिश की गई थी। इससे स्पष्ट है कि इस प्रभावशाली नेता को बचाने के लिए सबूतों को मिटाने की साजिश हुई थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित