देवरिया, फरवरी 5 -- रामपुर कारखाना (देवरिया), हिन्दुस्तान टीम। स्थानीय विकासखंड के मुंडेरा लाल कब्रिस्तान में कई दिनों से लगभग 20 फीट लंबा एक अजगर दिखाई दे रहा था। ग्रामीणों के मुताबिक उसे सियार और कुत्तों ने नोच कर घायल कर दिया था। शबे बरात के मौके पर कब्रिस्तान की साफ सफाई के दौरान ग्रामीणों की नजर घायल अजगर पर पड़ी। गांव के रवि प्रताप शर्मा ने इस बात की जानकारी वन विभाग को दिया। बुधवार की दोपहर तक कर्मचारी नहीं पहुंचे। इसके बाद गांव के युवक रवि शर्मा और शमशाद अंसारी के नेतृत्व में कब्रिस्तान पहुंचे और कड़ी मशक्कत से खुदाई कर अजगर को बाहर निकाला। शाम को वन विभाग के कर्मचारी गांव पहुंचे और अजगर को अपने कब्जे में लेकर जंगल में छोड़ने चले गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित...