रांची, अगस्त 13 -- रांची, वरीय संवाददाता। शंकरा हेल्पिंग हैंड फाउंडेशन की ओर से बुधवार को हर घर तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। सुबह 10 बजे मारवाड़ी कॉलेज परिसर से प्रारंभ हुई यह यात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए अलबर्ट एक्का चौक पहुंची। यात्रा में 100 मीटर लंबा विशाल तिरंगा सैकड़ों देशभक्त हाथों में थामे उत्साह और गर्व के साथ आगे बढ़ रहे थे। फाउंडेशन के संस्थापक शंकर दुबे ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस से पूर्व आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और राष्ट्रप्रेम की भावना को प्रोत्साहित करना तथा एकता और अखंडता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना था। यात्रा के दौरान शहर में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। कार्यक्रम के अंत में अलबर्ट एक्का चौक पर राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी गई...