मधुबनी, फरवरी 6 -- खजौली, निज प्रतिनिधि। खजौली थाना क्षेत्र के सुक्की साइफन पर शुक्रवार को खजौली थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह एवं खनन पदाधिकारी अश्वनी कुमार ने संयुक्त रूप से छापेमारी कर कमला नदी से अवैध रूप से उजला बालू लदे एक ट्रैक्टर को जब्त कर लिया। खनन पदाधिकारी ने बताया कि अवैध बालू खनन नियम के विरुद्ध है और यह अपराध की श्रेणी में आता है। जब्त वाहन को खजौली थाना को सुपुर्द कर दिया गया है। इस मामले में खनन पदाधिकारी ने वाहन मालिक पर 1,09,000 रुपये का जुर्माना लगाया है। उन्होंने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि अवैध बालू खनन करने वाले वाहन चालकों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध बालू कारोबार करने वालों में हड़कंप मच गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित...