बिहारशरीफ, सितम्बर 29 -- सरमेरा, निज संवाददाता। थाना क्षेत्र के बड़ी मिसिया गांव में सोमवार को पानी में डूबने से महिला की मौत हो गयी। मृतका प्रवेश पासवान की 35 वर्षीया पत्नी संगीता देवी है। ग्रामीणों ने बताया कि वह छोटकी मिसिया के पास खंधे में मवेशी चराने गयी थी। इसी दौरान भैंस पानी भरे पइन से होकर दूसरी तरफ चली गयी। उसे वापस लौटने के चक्कर में महिला गहरे पानी में डूब गयी। काफी देर बाद ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई तो महिला को पइन से निकाला गया। उसके बाद इलाज के लिए सरमेरा अस्पताल लाया गया। हालांकि, इससे पहले ही मौत हो चुकी थी। पति दूसरे प्रदेश में काम करते हैं। उनके तीन पुत्र हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित...