गढ़वा, फरवरी 10 -- भवनाथपुर, प्रतिनिधि। प्रखंड अंतर्गत कैलान गांव के दक्षिणी जंगल क्षेत्र में वन भूमि पर अवैध अतिक्रमण का मामला लगातार गहराता जा रहा है। छमैनीदाई पहाड़ से लगभग दो किलोमीटर भीतर घने जंगल के बीच सरकारी वन भूमि पर अवैध कब्जा कर कच्चा घर का निर्माण कर लिया गया है। सबसे आश्चर्यजनक बात यह है कि पूरे मामले की जानकारी वन विभाग को होने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उससे विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े होने लगे हैं। जानकारी के अनुसार बीते 23 दिसंबर को इस क्षेत्र में वन भूमि पर अवैध कब्जा कर झोपड़ी और मकान निर्माण किए जाने का मामला प्रकाश में आया था। उसके बाद वन विभाग हरकत में आया और आनन-फानन में कुछ झोपड़ियों को तोड़कर कार्रवाई का दावा किया गया। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कार्रवाई केवल खानापूर्ति साबित हुई।...