जौनपुर, दिसम्बर 24 -- गौराबादशाहपुर, हिन्दुस्तान संवाद। कस्बे के बमैला मोहल्ले में रहने वाला एक युवक लॉटरी के झांसे में आकर साइबर ठगी का शिकार हो गया। ठगों ने 15 लाख रुपये की लॉटरी लगने का दावा कर उससे एक लाख 20 हजार रुपये हड़प लिए। जानकारी के अनुसार पीड़ित अमरीश सोनकर के मोबाइल पर 15 दिसंबर को कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को लंदन से बोलना बताते हुए कहा कि उसकी 15 लाख रुपये की लॉटरी लगी है और रकम पाने के लिए टैक्स देना होगा। झांसे में आकर अमरीश ने बताए गए खाते में अलग-अलग किश्तों में कुल 1.20 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। जब एक सप्ताह बीतने के बाद भी लॉटरी की रकम नहीं मिली, तब उसे ठगे जाने का एहसास हुआ। पीड़ित ने मामले की सूचना पुलिस व साइबर क्राइम सेल को देकर कार्रवाई की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विस...