भागलपुर, फरवरी 5 -- लखीसराय, हिन्दुस्तान संवाददाता। हलसी थाना क्षेत्र में बिजली चोरी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत विद्युत विभाग की टीम ने एक ही दिन में व्यापक छापेमारी कर 16 उपभोक्ताओं को अवैध रूप से बिजली उपयोग करते हुए पकड़ा है। इस संबंध में कनीय विद्युत अभियंता अनुराग प्रियम ने हलसी थाना में आवेदन देकर सभी आरोपियों पर भारतीय विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 एवं अन्य सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करने का अनुरोध किया है। विद्युत विभाग के अनुसार 4 फरवरी को गठित छापेमारी दल ने कैंदी एवं आसपास के गांवों में जांच की। जांच में कई उपभोक्ताओं द्वारा मीटर बाईपास कर, एलटी लाइन में टोका लगाकर तथा बिना वैध विद्युत कनेक्शन के बिजली चोरी करने के मामले सामने आए। इस दौरान मौके से अवैध तार व अन्य सामग्री जब्त कर इसकी सूची तैयार की गई...