नैनीताल, फरवरी 1 -- गरमपानी, संवाददाता। रामगढ़ ब्लॉक के गौराड़ी लटवाल क्षेत्र के जंगल में नदी किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। रविवार सुबह ग्रामीणों ने शव देख इसकी सूचना क्वारब चौकी पुलिस को दी। घटनास्थल सड़क मार्ग से काफी दूर और अत्यंत दुर्गम क्षेत्र में होने के कारण पुलिस टीम को करीब दो किमी की खड़ी चढ़ाई तय करनी पड़ी। पुलिसकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद शव कंधों पर उठाकर मुख्य मार्ग तक पहुंचाया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। क्वारब चौकी इंचार्ज मनोज अधिकारी ने बताया कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित...