धनबाद, फरवरी 19 -- उत्तर प्रदेश से कछुओं की खेप लगातार पश्चिम बंगाल भेजी जा रही है। योगनगरी ऋषिकेश-हावड़ा दून एक्सप्रेस से मंगलवार की रात एक बार फिर 44 कछुओं को पकड़ा गया। एक सप्ताह में दूसरी बार और तीन महीने में दून एक्सप्रेस में आरपीएफ की यह छठी कार्रवाई है। तीन महीने में आरपीएफ ने दून एक्सप्रेस से 240 कछुओं को पकड़ कर वन विभाग के सुपुर्द किया। आरपीएफ ने 14 फरवरी की रात भी दून एक्सप्रेस से 16 कछुओं को पकड़ा था। गोमो से धनबाद स्टेशन के बीच चेकिंग में ट्रेन की जनरल बोगी से तीन बैग में जीवित कछुओं को बरामद किया गया। किसी ने बैग के संबंध में कोई जानकारी नहीं दी। दिसंबर में आरपीएफ ने दून एक्सप्रेस में चेकिंग अभियान चला कर कछुओं की तस्करी पर रोक लगाई थी। पिछले एक सप्ताह से फिर से तस्कर सक्रिय हो गए हैं। आरपीएफ पुराने तस्करों की टोह ले रही है।...