गोरखपुर, दिसम्बर 5 -- कुसम्ही बाजार। एम्स थाना क्षेत्र के कुसम्ही कोठी चौराहे के समीप शुक्रवार शाम करीब सात बजे हुए सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों युवक मोतीराम से कुसम्ही बाजार की ओर पल्सर बाइक से आ रहे थे। जैसे ही वे कुसम्ही कोठी के पास पहुंचे, तभी अचानक एक अज्ञात ट्रैक्टर-ट्राली ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही एम्स थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तुरंत एम्स अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है। सड़क हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्राली चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। खबर लिखे जाने तक घायलों की पहचान नहीं हो सकी थी।...