मिर्जापुर, जनवरी 15 -- मड़िहान। स्थानीय थाना क्षेत्र के गढ़वा गांव में बुधवार को मनबढ़ों ने नाविक को पीटकर लहूलुहान कर दिया। पुलिस ने जख्मी नाविक को मड़िहान अस्पताल में भर्ती कराया। गढ़वा गांव निवासी 28 वर्षीय खिलाड़ी गांव स्थित बकहर नदी में नाव चलाकर परिवार का भरण पोषण करता है। बुधवार की दोपहर कुछ मनबढ़ नाव पर सवार होकर नदी के पार गए। जब नाविक ने किराया मांगा तो मनबढ़ आग बबूला हो गए। गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से पीटकर नाविक को लहूलुहान कर दिए। नाविक की चीख-पुकार सुनकर आस पास के लोग पहुंच गए। तब तक आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना के बाद पहुंची पीआरवी ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़िहान में भर्ती कराया। इस संबंध में थाना प्रभारी बालमुकुंद मिश्र ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद मनबढ़ों के विरुद्ध मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हि...