उन्नाव, जनवरी 3 -- परियर। पौष पूर्णिमा पर शनिवार को कड़ाके की ठंड के बावजूद स्थानीय गंगा तट पर श्रद्धालुओं ने ब्रह्ममुहूर्त से गंगा में डुबकी लगाना शुरू कर दिया। स्नान के बाद उन्होंने गंगा माता की आरती-पूजन किया और मौके पर मौजूद तीर्थपुरोहितों को दान-दक्षिणा दी। इस दौरान गंगा तट पर 'हर हर गंगे, हर हर महादेव' के उद्घोष से घाट गूंज उठे। श्रद्धालुओं के जत्थों ने सुबह ब्रह्ममुहूर्त में स्नान किया और वापस जाते समय बाबा बलखंडेश्वर मंदिर, जानकीकुंड आश्रम सहित अन्य मंदिरों में जलाभिषेक किया। स्नान की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए सफीपुर थानाध्यक्ष सुब्रत नारायण त्रिपाठी भी मौजूद रहे। उन्होंने श्रद्धालुओं से सावधानीपूर्वक स्नान करने की अपील की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित...