बुलंदशहर, फरवरी 2 -- जिले की 946 ग्राम पंचायतों में हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने का सपना फिलहाल बजट की फाइलों में दबा नजर आ रहा है। जल जीवन मिशन के तहत करीब तीन हजार करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी योजना पिछले डेढ़ साल से बजट के अभाव में सुस्त पड़ गई है। हालत यह है कि करोड़ों की लागत से खड़ी सफेद हाथी बनी अधूरी टंकियां इस बड़ी परियोजना को ठेंगा दिखा रही हैं। जिले में इस परियोजना को शुरू हुए काफी समय हो गया है और 2028 में यह प्रोजेक्ट पूरा होना है मगर केंद्र सरकार से बजट न आने के कारण टंकियों के निर्माण का कार्य समय से पूरा होता नहीं दिख रहा है। केंद्र सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को शुद्ध पेयजल देने के लिए हर घर जल-हर घर नल योजना को शुरू किया गया था। जिले की बात करें तो यहां 16 ब्लॉक हैं और इनमें टंकियों का निर्माण कार्य चल रहा है।...