हरिद्वार, दिसम्बर 14 -- एक महीने पहले चलती बस से गिरकर युवक की मौत के मामले में पुलिस ने अब मुकदमा दर्ज किया है। परिजनों की शिकायत पर नगर कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। राजारोड देहरादून निवासी अनूप कुमार शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका छोटा भाई शम्मी कुमार शर्मा 14 नवंबर की शाम करीब पांच बजे ऋषिकुल चौराहे से एक बस में सवार हुआ था। कुछ दूरी तक पहुंचने पर अचानक तेज झटका लगने से बस का दरवाजा खुल गया, जिससे शम्मी सड़क पर गिर पड़ा। उसके सिर पर गंभीर चोट आई और वह बेहोश हो गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची 108 एंबुलेंस से उसे मेला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। नगर कोतवाली प्रभारी रितेश शाह ने बताया कि इस शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।...