मुरादाबाद, दिसम्बर 31 -- मुरादाबाद। पूस के महीने की शुरुआत से ही पड़ रही कड़ाके की ठंड के सिलसिले में बुधवार को मौसमी उतार चढ़ाव के बीच लोग कांपते रहे। हिमालय क्षेत्र पर सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के असर से पुरवाई हवा चली। शीतलहर जैसे हालात के बीच नमी से भरी पुरवाई हवा के झोंकों ने लोगों की कंपकंपी छुड़ाई। बुधवार को सुबह के समय छाया रहा घना कोहरा पूर्वाह्न के समय छंट गया। जिसके चलते लोगों को हल्की ही सही, लेकिन, धूप चमकने की उम्मीद बंधी। कुछ देर के लिए मद्धम धूप चमकी भी, लेकिन, सर्द पुरवा के झोंकों और आसमान पर शुरू हुई बादलों की आवाजाही ने ठंड से राहत के एहसास को दूर कर दिया। पश्चिमी विक्षोभ का असर मुरादाबाद में आज गुरुवार को दिखाई दे सकता है। मौसम विभाग ने आज गुरुवार को दिन भर आसमान बादलों से ढका रहने और हल्की बारिश होने की संभावना जाहिर...