पटना, सितम्बर 12 -- पटना के सभी गंगा घाटों पर जलस्तर स्थिर हो गया है। हालांकि मनेर, दीघा घाट, गांधी घाट, हथिदह समेत अन्य जगहों पर गंगा खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। बाढ़ नियंत्रण कक्ष की ओर से जारी सूचना के अनुसार प्रयागराज, वाराणसी और बक्सर में गंगा के जलस्तर में कमी आई है। इससे यह आसार लगाए जा रहे हैं कि एक दो दिनों में पटना के गंगा घाटों पर भी इसमें कमी आएगी। हथिदह में भी गंगा का जलस्तर स्थिर है लेकिन मुंगेर में जलस्तर में आंशिक बढ़ोतरी आई है। सोन नदी का जलस्तर कोईलवर में बढ़ा है। हालांकि यह खतरे के निशान से नीचे है। श्रीपालपुर में पुनपुन की स्थिति स्थिर है। यह खतरे के निशान से आंशिक नीचे है। नदियों के जलस्तर की निगरानी लगातार की जा रही है। जिला बाढ़ नियंत्रण कक्ष से मिली सूचना के अनुसार विभिन्न नदियों के तटबंध पूरी तरह सुरक्षित हैं।...