पटना, जनवरी 6 -- जिलाधिकारी के निर्देश पर सहायक निदेशक (बाल संरक्षण) शैलेन्द्र कुमार चौधरी की देखरेख में चाइल्ड हेल्पलाइन की मानव तस्करी रोधी इकाई, जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने मंगलवार को पटना जंक्शन एवं इसके आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी की। इस अभियान में नशा करने और भीख मांगने में संलिप्त 10 बालक एवं एक बालिका को बचाया गया। बचाए गए बच्चों को बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया गया। बाद में उन्हें बाल गृह एवं बालिका गृह में भेज दिया गया। इसके अलावा दो बच्चे सहित एक महिला को बचाकर शांति कुटीर में आवासन के लिए भेजा गया। बताते चलें कि डीएम डॉ.त्यागराजन एसएम ने बाल संरक्षण एवं श्रम संसाधन विभाग की जिलास्तरीय बैठक में निर्देश दिया था कि इस प्रकार के बचाव अभियान हमेशा चलाते रहें ताकि सड़क पर बच्चे नशापान करते और भीख मांगते नजर नहीं आए। ...