आगरा, सितम्बर 11 -- गुरुवार को ताजमहल देखने आई केरल की महिला पर्यटक फोरकोर्ट में चक्कर आने से गिर गई। उसे अंदरूनी चोटें आईं। एएसआई कर्मचारियों और सीआईएसएफ जवानों ने तुरंत प्राथमिक उपचार दिया और निजी अस्पताल में भर्ती कराया। परिवार के साथ आई 49 वर्षीया यमुना ए अचानक बेहोश होकर गिर पड़ीं। उनकी चीख-पुकार सुनकर परिजन घबरा गए। मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने व्हील चेयर मंगाई और उन्हें डिस्पेंसरी पहुंचाया। प्राथमिक चिकित्सा के बाद हालत में सुधार हुआ, जिसके बाद उन्हें आगे के इलाज के लिए निजी अस्पताल भेजा गया। ताजमहल के वरिष्ठ संरक्षण सहायक प्रिंस वाजपेयी ने बताया कि महिला को चक्कर आने से गिरने पर चोट लगी थी। समय रहते इलाज मिलने से उनकी स्थिति नियंत्रण में है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित...