वरिष्ठ संवाददाता, दिसम्बर 26 -- यूपी के ताजमहल पूर्वी गेट के वीवीआईपी मार्ग पर करीब एक घंटे हाई वोल्टेज ड्रामा हुआ है। नौकरी बहाली के लिए वन विभाग का दैनिक श्रमिक फिल्म 'शोले' की स्टाइल में पेड़ पर चढ़ गया। इससे इलाके में सनसनी फैल गई। ये देख मौके पर देशी-विदेशी पर्यटक थम गए। वे मोबाइल से वीडियो बनाने लगे। सूचना पर पुलिस और वन विभाग के अधिकारी आ गए। उन्होंने युवक को काफी देर समझाने के बाद नीचे उतारा। विभाग का दावा है कि दैनिक श्रमिक अशोक साल 2021 में लिखित रूप से काम छोड़ चुका है। हाईकोर्ट में ये मामला विचाराधीन भी है। इस उपद्रव के बाद श्रमिक के खिलाफ थाने में तहरीर दी गई है। वन विभाग में सिंचाई, लेबर, निराई-गुड़ाई, पेड़ लगाने, रात में देखरेख के लिए ड्यूटी लगाने के लिए दैनिक श्रमिक रखे जाते हैं। इनको दैनिक श्रमिक की धनराशि भी दी जाती है। ...