गुड़गांव, जनवरी 5 -- गुरुग्राम। सदर्न पेरिफेरल रोड (एसपीआर) पर रविवार देर रात जयपुर की ओर से आ रहा एक तेज रफ्तार ट्रक वाटिका चौक और जेनपैक्ट दफ्तर के पास अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक सड़क पर ही पलट गया और देखते ही देखते उसके केबिन ने आग पकड़ ली। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद राहगीरों ने अपनी जान जोखिम में डालकर ट्रक में फंसे चालक और हेल्पर को समय रहते बाहर निकाल लिया, जिससे उनकी जान बच गई। हादसा रात करीब 12 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, राजस्थान नंबर का यह ट्रक काफी तेज गति में था। डिवाइडर से टकराने के बाद घर्षण या ईंधन रिसाव के कारण केबिन में धमाके के साथ आग लग गई। चंद ही मिनटों में आग की लपटें इतनी ऊंची उठने लगीं कि दूर-दूर तक आसमान में धुएं का गुबार दिखाई देने लगा। ट्रक का अगला हिस्सा (केबिन) पू...