हरिद्वार, दिसम्बर 18 -- हरिद्वार के चिड़ियापुर स्थित रेस्क्यू सेंटर में एक गुलदार की मौत से वन विभाग में हड़कंप मच गया। गुरुवार सुबह अचानक गुलदार की हालत बिगड़ गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध ने बताया कि गुलदार को फरवरी में आपसी संघर्ष के बाद घायल अवस्था में जंगल से रेस्क्यू किया गया था। छह फरवरी को वन कर्मियों ने देखा कि उसकी दोनों आंखों में गंभीर चोट थी। लंबे समय से इलाज चल रहा था। गुलदार की उम्र करीब सात से आठ वर्ष आंकी गई है। उसकी मौत के असल कारणों की पुष्टि के लिए पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। इस मामले की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित...