गगहा (गोरखपुर), फरवरी 4 -- गोरखपुर में गगहा थाना क्षेत्र के भरवलिया के पास बाइक सवार बदमाशों ने भाजपा नेता और एक इंटर कॉलेज के प्रबंधक को गोली मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें गगहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस केस दर्ज कर हमलावरों की तलाश में दबिश दे रही है। इसे रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा है। बताया जा रहा है कि वारदात को दो बाइकों से आए चार बदमाशों ने अंजाम दिया है। गगहा थाना क्षेत्र के भैंसहा गांव निवासी राधा मोहन सिंह हिन्दू युवा वाहिनी से भी जुड़े थे। वर्तमान में भाजपा से जुड़े हैं। इसके साथ ही वह भैंसहा स्थित लीलावती देवी स्मारक इंटर कॉलेज के प्रबंधक हैं और क्षेत्र में एक संभ्रांत व्यक्ति के रूप में उनकी पहचान है। ...